सांबा। परिसीमन आयोग की रिपोर्ट के बाद जम्मू-कश्मीर में चुनाव की सरगर्मी को देखते विभिन्न राजनीतिक दलों ने आम लोगों से संपर्क साधना शुरू कर दिया है। आगामी विधानसभा चुनाव के लिए किस पार्टी से किसे टिकट मिलेगी, इसके लिए अभी कुछ कहा नही जा सकता है। फिर भी सांबा विधानसभा सीट के लिए काफी संख्या में संभावित उमीदवार आम लोगों से संपर्क साधने में जुटे हैं।
एक पार्टी के तीन से चार संभावित उमीदवार लोगों से संपर्क साध रहे हैं। सांबा विधानसभा सीट के लिए आम लोगों में भी स्थानीय लोगों को टिकट दिए जाने की बात चल रही है। लोग मान रहे है कि यदि स्थानीय नेता को टिकट मिला तो उसकी ही मदद की जाएगी। उधर आम आदमी पार्टी में शामिल होने वालों का भी तांता लगा है। हर एक नेता अपना नाम संभावित उम्मीदवार के रूप में लोगों के बीच पहुंच रहे हैं। सांबा विधानसभा सीट सामान्य वर्ग के लिए रखी गई है। जिस पर अब संभावित उम्मीदवारों की संख्या भी कई गुणा बढ़ गई है। इससे आगामी विधानसभा चुनाव काफी रोचक होने वाला है।