आरएस पुरा। जिला उद्योग केंद्र की ओर से वीरवार को ब्लॉक सुचेतगढ़ में प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के कार्य प्रबंधक हर्ष चौहान की अध्यक्षता में हुआ।
कार्यक्रम में प्रबंधक हर्ष चौहान ने बताया कि अगर अपना कारोबार करना हो तो उसके लिए धन की जरूरत होती है। इसके लिए प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (पीएमईजीपी) की मदद से बहुत कम पूंजी से कारोबार शुरू किया जा सकता है। इसमें वास्तव में 10 लाख की पूंजी से शुरू होने वाले कारोबार में सिर्फ 10% रकम यानी एक लाख रुपये का इंतजाम कर सरकार से 90 फीसदी रकम लोन ली जा सकती है। चौहान ने बताया कि प्रधानमंत्री इंप्लॉयमेंट जेनरेशन प्रोग्राम (पीएमईजीपी) के तहत कारोबार शुरू किया जा सकता है। खादी और ग्रामोद्योग आयोग (केवीआईसी) हर साल तक पीएमईजीपी के तहत 14 लाख जॉब के मौके बनाने का लक्ष्य लेकर चल रही है। लोग सरकार की इस तरह की योजनाओं का लाभ उठाएं। इस दौरान पूर्व मंत्री चौ. शाम लाल व बीडीसी चेयरमैन तरसेम सिंह विभिन्न पंचायतों के सरपंच व पंचों सहित स्थानीय युवा भी शामिल हुए।