अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शुक्रवार को कहा कि नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) ने कांग्रेस को नगरोटा विधानसभा क्षेत्र से अपना उम्मीदवार उतारने को कहा है। कांग्रेस उम्मीदवार उतारेगी तो पार्टी पूरा समर्थन देगी।
अनंतनाग में पत्रकारों से बातचीत में अब्दुल्ला ने कहा, कांग्रेस ने अपने हाईकमान से अनुमति मांगी है। उनको मंजूरी मिलती है तो कांग्रेस का एक उम्मीदवार नगरोटा से नामांकन दाखिल करेगा।
नेकां उसे सफल बनाने के लिए हर संभव प्रयास करेगी। कांग्रेस नेता विकार रसूल वानी की टिप्पणी के सवाल पर उमर ने कहा, आप किसी ऐसे व्यक्ति के लिए मेरा समय क्यों बर्बाद कर रहे हैं जो अपने निर्वाचन क्षेत्र में तीसरे स्थान पर रहा है। कहा, दोनों दलों के बीच समझ का उद्देश्य आगामी चुनावों में एकजुटता सुनिश्चित करना है।