आरएस पुरा। कस्बे में विधायक डॉ. नरेंद्र सिंह के नेतृत्व में रैली निकालकर देश व राज्य में रहने वाले पाकिस्तान के नागरिकों को वापस भेजने की मांग को लेकर एसडीएम को ज्ञापन पत्र सौंपा गया।
आरएस पुरा-जम्मू साउथ के विधायक डॉ. नरेंद्र सिंह के नेतृत्व में निकली रैली कस्बे के बाजार से होते हुए एसडीएम कार्यालय पहुंची। इस दौरान पहलगाम में पर्यटकों की हत्या करने पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग करने के साथ ही पाकिस्तान के खिलाफ नारेबाजी की गई। इस दौरान पाकिस्तानी नागरिक भारत छोड़ो के नारे लगाए जाने के साथ ऐसे लोगों की पहचान कर पाकिस्तान वापस भेजने की मांग की गई। विधायक डॉ. नरेंद्र सिंह ने कहा कि पाकिस्तान की एक सोची समझी योजना के अंतर्गत पाकिस्तान के नागरिकों को कांग्रेस के शह पर देश में रखा गया। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि यहां छिपकर रहने वाले पाक नागरिकों को वापस पाकिस्तान भेजा जाए। एसडीएम आरएस पुरा को ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान भाजपा नेता बृजेश्वर सिंह राणा और बाजार एसोसिएशन के प्रधान सचिन चोपड़ा सहित पार्टी के कई अधिकारी मौजूद थे।