संवाद न्यूज एजेंसी
राजोरी। पूर्व मंत्री चौधरी जुल्फिकार अली ने सोमवार को बुद्धल विधानसभा क्षेत्र के समौत, गब्बर, डंडोद और राजनगर क्षेत्र का दौरा किया। स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं। लोगों ने बुनियादी सुविधाओं की कमी के बारे में चिंता जताई। इनमें पीने के पानी की कमी, खराब और अनियमित बिजली आपूर्ति के साथ बार-बार कटौती, खाद्यान्न की कमी, खराब सड़कों, शैक्षणिक और स्वास्थ्य संस्थानों में स्टाफ की कमी शामिल हैं। बड़ी संख्या में युवाओं ने बढ़ती बेरोजगारी पर भी गहरी चिंता व्यक्त की।
चौधरी जुल्फिकार के साथ भाजपा एसटी मोर्चा के महासचिव मंजूर नाइक भी माैजूद रहे। पूर्व मंत्री ने उमर सरकार की ओर से चुनाव के दौरान लोगों से किए वादों को पूरा करने में विफलता के लिए आलोचना की। उन्होंने कहा कि पिछले डेढ़ साल में लोगों की मुश्किलें कई गुना बढ़ गई हैं। विशेष रूप से मुफ्त एलपीजी सिलिंडर, मुफ्त राशन और सालाना एक लाख युवाओं को रोजगार से जुड़े अधूरे वादों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने बेरोजगार युवाओं, हाशिए पर पड़े वर्गों, अनुसूचित जातियों, अनुसूचित जनजातियों और पिछड़े व दूरदराज के इलाकों के लोगों के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं शुरू की हैं, उन्होंने लोगों की शिकायतों का तुरंत समाधान करने की मांग की और सरकार से लोगों से किए गए सभी वादों को पूरा करने का आग्रह किया।