ज्यौड़ियां। खौड़ में शनिवार को नेकां के कार्यकर्ताओं ने ब्लॉक प्रधान महेंद्र सिंह चौधरी की अध्यक्षता में मासिक बैठक की। इसमें जनसमस्याओं पर मंथन किया गया।
पार्टी के ब्लाॅक सचिव देवी दयाल जोगी ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद जब प्रदेश में भाजपा-पीडीपी की सरकार बनी तो स्वच्छता के नाम पर कोरी राजनीति ही की। अखनूर से लेकर वाया नरयाणा, खौड़ बॉर्डर, कचरेयाल, पलांवाला तक प्रताप नहर में गंदे नालों का निकास कर नहर के स्वच्छ जल को दूषित कर दिया गया है। 20 साल पहले नहरों का पानी कपड़े धोने आदि के लिए प्रयोग में लाया जाता था। आज पानी इतना गंदा हो गया है कि मवेशी भी नहीं पीते। सरकार को चाहिए की प्रताप नहर में गिरने वाले नालों के गंदे पानी को रोका जाए। बैठक में दरिया चिनाब के तट पर क्रेट डालने की भी मांग की गई। जोगी ने बताया कि एक हफ्ता पहले नरायणा खौड़ मोड़ से लेकर डिग्री काॅलेज तक रोड पर सड़क निर्माण विभाग ने तारकोल डाला है। यह तारकोल उखड़ गया है। लोगों ने सरकारी स्कूलों में स्टाफ की कमी को पूरा करने की मांग की। संवाद