नेता प्रतिपक्ष ने उमर सरकार पर बोला तीखा हमला, कहा प्रभावितों की मदद में विफल
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। प्रदेश विधानसभा में विपक्ष के नेता सुनील शर्मा ने रविवार को कहा कि गृहमंत्री अमित शाह का दौरा आपदा पीड़ितों के साथ खड़े होने का प्रमाण है। यह केंद्र खासकर प्रधानमंत्री की प्रभावितों की मदद करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। नेता प्रतिपक्ष ने उमर सरकार पर भी तीखा हमला बोला। कहा कि उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली सरकार छह दिन बाद भी सुविधाओं को बहाल करने, समुचित राहत दिलाने में विफल रही है।
शर्मा ने कहा, जम्मू कश्मीर सरकार में गंभीरता की कमी रही और वह प्रभावी समाधान खोजने में असमर्थ दिखाई दी। दो हफ़्तों से ज़्यादा समय से भारी बारिश, बादल फटने और अचानक आई बाढ़ ने जम्मू को तबाह कर दिया है, जिसके परिणामस्वरूप जान-माल और घरों का नुकसान हुआ है। फिर भी, सरकार छह दिन बाद भी बिजली, पानी और सड़क संपर्क जैसी बुनियादी सेवाएं बहाल करने में विफल रही है।शर्मा ने कहा कि चिशोती, माता वैष्णो देवी, कठुआ, रियासी, रामबन, राजगढ़ जैसे इलाकों का जिक्र किया। कहा कि सरकार को सक्रिय होने और तत्परता से काम करने की ज़रूरत है। उन्होंने कहा कि जब भी आपदा आई है प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर की दिल खोलकर सहायता की है। दुर्भाग्य यह है कि प्रदेश सरकार में इस तरह की प्रतिबद्धता नहीं दिखती है।
शर्मा ने मुआवज़ा पैकेज की भी आलोचना की और कहा कि एसडीआरएफ और मुख्यमंत्री राहत कोष के तहत मौजूदा राहत बेहद अपर्याप्त है। उन्होंने कहा, पूरी तरह क्षतिग्रस्त घर के लिए मात्र 1.35 लाख रुपये नींव रखने के लिए भी अपर्याप्त हैं। राज्य सरकार को पुनर्वास सुनिश्चित करने के लिए एक ठोस पैकेज के साथ आगे आना चाहिए।