भानु प्रताप सिंह अपने कोच के साथ फोटो एसो.
दो बार कांस्य पदक जीतने वाले भानु प्रताप का लक्ष्य इस बार स्वर्ण पदक पर
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। जम्मू से अंतरराष्ट्रीय वुशू खिलाड़ी भानु प्रताप सिंह 20 सदस्यीय भारतीय टीम के साथ 17वीं वर्ल्ड वुशू चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए रवाना हुए हैं। यह चैंपियनशिप 30 अगस्त से आठ सितंबर तक ब्राजील में हो रही है। चैंपियनशिप में भानु का तीसरी बार चयन हुआ है। पिछली दो चैंपियनशिप में उन्होंने कांस्य पदक जीते हैं। इस साल वह 65 किलोभार वर्ग में देश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। पदक का रंग बदले के इरादे से रिंग में उतरेंगे। इस चैंपियनशिप के लिए अपनी तैयारियों को पुख्ता करने के लिए वह एन एनआईएस पटियाला में 45 दिनों तक कोचिंग कैंप में रहे। 65 किलोभार वर्ग में भानु उन संभावित आठ खिलाड़ियों में शामिल हैं जिनका चयन 20वीं एशियन गेम्स के लिए हो सकता है। यह गेम्स अगले साल जापान में होंगी। बता दें कि भानु प्रताप एशियन गेम्स में देश के लिए पदक भी जीत चुके हैं। उन्होंने कई अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप में न सिर्फ देश का प्रतिनिधित्व किया, बल्कि पदक भी जीते। इनमें वर्ल्ड कप, माॅस्को वुशू स्टार, पारस और राष्ट्रीय खेलों में स्वर्ण पदक जीता है। जम्मू-कश्मीर वुशू एसोसिएशन के अध्यक्ष विजय सराफ, उपाध्यक्ष रंजीत कालरा, महासचिव भवनीत ने भानु को शुभकामनाएं दी हैं। कुलदीप हांडू (द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता) ने भी भानु प्रताप और पूरी भारतीय वुशू टीम को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भारतीय दल चैंपियनशिप में अपनी स्थिति बेहतर करेगा, क्योंकि पिछले संस्करण में भारत ने पदक तालिका में चौथा स्थान हासिल किया था।