बैठक में मौजूद संगठन मंत्री अशोक कौल, जिला अध्यक्ष राजेश गुप्ता व अन्य स्रोत - भाजपा
- भाजपा जिला जम्मू की बैठक में संगठन महामंत्री ने की समीक्षा
- बूथ स्तर तक जनसंपर्क तेज करने पर मथंन
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। प्रदेश भाजपा के संगठन महामंत्री अशोक कौल ने मंगलवार को कच्ची छावनी स्थित पार्टी कार्यालय में जिला जम्मू की संगठनात्मक समीक्षा बैठक की। बैठक में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण अभियान के तहत जिला और मंडल स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष एडवोकेट राजेश गुप्ता ने की।
कौल ने कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद कर जनसंपर्क रणनीति, जमीनी फीडबैक और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि पार्टी की असली ताकत उसका मजबूत संगठन और जनता से निरंतर जुड़ाव है। हर कार्यकर्ता को सरकार की उपलब्धियों को आखिरी पंक्ति तक पहुंचाने का दायित्व निभाना चाहिए।
बैठक में सभी वक्ताओं ने मोहल्ला और पंचायत स्तर तक पार्टी को मजबूत करने का संकल्प दोहराया और अभियान को और ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाने पर जोर दिया। बैठक का समापन संगठन को और धारदार बनाने के संकल्प के साथ हुआ। माैके पर विधायक युद्धवीर सेठी और अरविंद गुप्ता, पूर्व महापौर राजेंद्र शर्मा, पूर्व पार्षद प्रमोद कपाही, जिला महामंत्री रविकांत शर्मा भी उपस्थित रहे।