- दोनों सीटों पर उपचुनाव के लिए सियासी सरगर्मी बढ़ी
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। नगरोटा और बडगाम विधानसभा क्षेत्रों में विशेष सारांश संशोधन की प्रक्रिया शुरू होने के साथ सियासी सरगर्मी बढ़ गई है। इन दोनों सीटों पर जल्द उपचुनाव कराने की तैयारी की जा रही है। खासतौर पर नगरोटा सीट की बात करें तो यहां भाजपा और नेकां के बीच सीधी टक्कर रही है। बडगाम की सीट पर लगभग नेकां का कब्जा रहा है। इस बार नगरोटा सीट पर प्रत्याशी उतारने को लेकर जहां नेकां के सामने दिवंगत देवेंद्र राणा के रिश्ते सामने आ रहे हैं, वहीं भाजपा बडगाम के माध्यम से कश्मीर में कमल खिलाने के सपने को देख रही है।
नगरोटा की सीट पर इस बार टक्कर महत्वपूर्ण होने की उम्मीद है, क्योंकि दिवंगत देवेंद्र सिंह राणा के भाजपा से पहले नेकां के साथ मजबूत रिश्तों से नेकां के लिए भी उनसे पूर्व के संबंध बीच में आ रहे हैं। हालांकि चुनाव की अधिसूचना के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि किस राजनीतिक दल का प्रत्याशी किसके सामने होगा। पिछले विधानसभा चुनाव की बात करें तो 1996 में नगरोटा सीट पर नेकां के अजात शत्रु सिंह, 2002 और 2008 में भाजपा के जुगल किशोर, 2014 में नेकां से देवेंद्र सिंह राणा और 2024 में भाजपा से देवेंद्र सिंह राणा जीते थे, यानी इन पांच चुनावों में भाजपा तीन और नेकां को दो बार जीत मिली है। दिवंगत राणा के निधन के बाद क्षेत्र में उनकी बेटी दिव्याणी राणा भाजपा से सक्रिय भूमिका में हैं। राणा के निधन पर खुद मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने श्मशानघाट पर पहुंचकर शोक जताया था। ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि राणा के करीबी को भाजपा मैदान में उतार सकती है।
-
हम दोनों सीटों पर लड़ेंगे-सत शर्मा
भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सत शर्मा का कहना है कि पार्टी नगरोटा और बडगाम दोनों सीटों पर उपचुनाव लड़ेगी। उनका दावा है कि कश्मीर में भाजपा मजबूत हो रही है। हम बडगाम में पार्टी के करीबी को मैदान में उतारेंगे। नगरोटा में भी भाजपा मजबूत रही है।
हम नगरोटा सीट पर प्रत्याशी उतारेंगे-रतन
नेकां के प्रांतीय अध्यक्ष रतन लाल गुप्ता का कहना है कि नगरोटा सीट पर विधानसभा उपचुनाव में पार्टी प्रत्याशी को उतारा जाएगा। हम इस चुनाव के साथ आगामी पंचायत और स्थानीय निकाय चुनाव के लिए भी तैयारी कर रहे हैं। हालांकि प्रत्याशी को लेकर अंतिम फैसला पार्टी हाईकमान को लेना है।