सातवें चरण के चुनाव को लेकर मतपेटियां व चुनाव सामग्री ले जाते हुए अधिकारी व कर्मी
आरएस पुरा। डीडीसी चुनाव के सातवें चरण के तहत बुधवार (आज) को आरएस पुरा व सुचेतगढ़ ब्लॉक के लिए वोट डाले जाएंगे। इस दौरान 88216 मतदान 19 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे।
प्रशासन की ओर से मतदान करने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शांतिपूर्ण मतदान के लिए चुनाव सामग्री के साथ विभिन्न पंचायतों में बनाए गए मतदान केंद्रों पर कर्मी मंगलवार को रवाना कर दिए गए। ब्लॉक आरएस पुरा से नौ व सुचेतगढ़ से दस उम्मीदवार मैदान में हैं। आरएस पुरा ब्लॉक में मतदाताओं के लिए कुल 83 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। जहां ब्लॉक के 41215 मतदाता वोट डालेंगे। इसमें 21515 पुरुष और 19700 महिलाएं मतदाता हैं। मतदान को लेकर मतदाताओं में भी उत्साह है। उनका मानना है कि डीडीसी चुनाव राज्य में विकास की एक नई इबारत लिखेंगे। मतदाताओं का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्र के विकास के लिए पंचायती राज का होना जरूरी है।
ब्लॉक आरएसपुरा रिटर्निंग अधिकारी राम लाल शर्मा ने बताया कि ब्लॉक में बुधवार को सातवें चरण के तहत मतदान कराने के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त कर लिए गए हैं। इसके साथ ही चुनावी सामग्री और कर्मचारी केंद्रों में भेज दिए गए हैं। मतदाता अपने-अपने मतदान केंद्र में सुबह 7 से 2 बजे तक मतदान कर सकेंगे।
उधर ब्लॉक सुचेतगढ़ से मैदान में चुनाव लड़ रहे 10 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला ब्लॉक 47001 मतदाता अपने मत का प्रयोग करेंगे। ब्लॉक के मतदाताओं के लिए कुल 85 पोलिंग स्टेशन प्रशासन की ओर से बनाए गए हैं।
----
ब्लॉक में चुनावी तैयारियों को पूरा कर लिया गया है। मतदान कराने वाली टीम चुनाव सामग्री के साथ विभिन्न केंद्रों पर मंगलवार को रवाना कर दी गई है। चुनाव को लेकर क्षेत्र में सुरक्षा के कडे़ बंदोबस्त किए गए हैं और मतदाता बिना किसी डर के सुबह सात से दो बजे तक अपने मत का इस्तेमाल करने के लिए पहुंच सकते हैं।
-कुलराज सिंह, ब्लॉक चुनाव अधिकारी