आरएस पुरा। ब्लॉक आरएस पुरा के सरपंचों ने बीडीसी चेयरमैन तरसेम लाल शर्मा को जल्द से जल्द पद से हटाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि ब्लॉक के अधिकतर सरपंच उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाए हैं। 50 दिन पहले उन्होंने इसकी कॉपी संबंधित विभाग को सौंपी है, लेकिन दुर्भाग्य की बात यह है कि अभी तक इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई।
सोमवार को यहां प्रेसवार्ता में सरपंचों ने चेतावनी दी कि अगर विभाग द्वारा जल्द बीडीसी चेयरमैन के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो सरपंच डीडीसी चुनाव का बहिष्कार करेंगे। पत्रकारों से बातचीत में सरपंचों ने आरोप लगाया कि बीडीसी चेयरमैन सरपंचों-पंचों की उम्मीदों पर खरा उतरने में नाकाम रहे हैं। उन्होंने पंचायतों के विकास तथा बेहतरी के लिए कोई कार्य तक नहीं किया। इसको लेकर सरपंचों ने उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया। उन्होंने कहा कि बीडीसी चेयरमैन ने एक सरपंच की पावर सीज की तो वह दो दिन के भीतर ही कर दिया, लेकिन सरपंच द्वारा जो प्रस्ताव लाया गया है उस पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। इससे विभाग की कार्यप्रणाली पर कई प्रश्न चिह्न हैं।
सरपंचों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द से जल्द बीडीसी चेयरमैन को उसके पद से नहीं हटाया गया तो डीडीसी चुनाव का बहिष्कार करेंगे। प्रेसवार्ता में बलकार सिंह नागरा, सरपंच फतेह चंद, चेयरमैन राजेश चौधरी खन्ना, सरपंच युवराज सिंह, सरपंच अशोक कुमार, सरपंच कैप्टन हंसराज, सरपंच सुशील कुमार, नायब सरपंच सरताज सिंह लाडा, पंच बचन चौधरी, पंच यशपाल आदि मौजूद रहे।