जम्मू। नेकां अध्यक्ष और सांसद डा. फारूक अब्दुल्ला मंगलवार को पैंथर्स पार्टी के स्थापना दिवस में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर की वर्तमान हालात के लिए पाकिस्तान जिम्मेदार है। 1947 में यदि पाकिस्तान ने जंग तथा कबिलियाई को नहीं भेजा होता तो स्थिति कुछ और होती।
डोगरा हॉल में मंगलवार को स्थापना दिवस कार्यक्रम में फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि लोगों के बीच धर्म और क्षेत्र के हिसाब से दीवार खड़ी करने वालों के खिलाफ अगर हमें लड़ना है तो एक होना पड़ेगा। यहां की एकता, अखंडता और मर्यादा को बचाना है तो हमें एक साथ मिल कर विरोधियों का सामना करना होगा। यह लोग कानून पर कानून लाएंगे, जिसका हम अपनी एकता के जरिये जवाब देंगे। सत्ता के लालची लोगों ने हमारे बीच धर्म और क्षेत्र की दीवारें खड़ी कर दी हैं, जिन्हें हमें तोड़ना होगा। भाजपा पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि कल यह लोग राम को बेचने आएंगे, यह कहेंगे कि धर्म खतरे में है, लेकिन सच्चाई यह है कि इनकी कुर्सी खतरे में होगी। उन्होंने महिलाओं से कहा कि इनके बहकावे में नहीं आना, यह लोग महिलाओं को सॉफ्ट टारगेट मानते हैं। भाजपा वाले आज महात्मा गांधी को याद करते हैं, लेकिन एक दिन यह लोग उनके सबसे बड़े दुश्मन और आलोचक थे।
---
पं. नेहरूका देश के विकास में अहम योगदान
उन्होंने कहा कि पंडित जवाहर लाल नेहरूने मेरे पिता शेख मोहम्मद अब्दुल्ला को जेल में रखा, लेकिन देश के विकास में उनके योगदान को नहीं भूल सकता हूं। उन्होंने देश की बागडोर बड़े ही कठिन समय में संभाली थी। अब देश विकास की ऊंचाइयों पर है। इंदिरा गांधी ने देश में हरित क्रांति लाई, जिसने देश की कृषि को सशक्त किया। देश के विकास में उनका योगदान नहीं भुलाया जा सकता है।
--
कांग्रेस को मजबूत होना होगा
मंच पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मूला राम की मौजूदगी में कांग्रेस को भी उन्होंने सलाह दी कि कांग्रेस को मजबूत होना होगा। लोगों की मुश्किलें जाननी होंगी और यह काम घर बैठकर नहीं होगा। लोगों के बीच जाना होगा। पैंथर्स पार्टी को भी मजबूत करने की जरूरत है। प्रो. भीम सिंह जमीन से जुड़े नेता हैं, जो धर्म, क्षेत्र के आधार पर भेदभाव नहीं करते हैं।