जम्मू। पीओजेके और छंब के 1947, 1965 व 1971 के रिफ्यूजियो के लिए राहत पैकेज की योजना बंद करने पर कांग्रेस ने केंद्र सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
पार्टी मुख्यालय शहीदी चौक में वीरवार को पत्रकार वार्ता में कार्यकारी अध्यक्ष रमण भल्ला ने कहा कि सरकार ने 10 फरवरी को स्कीम को बंद करने का नोटिस जारी किया है, जोकि रिफ्यूजियों के साथ धोखा है। प्रदेश सरकार ने 2014 में केंद्र सरकार से जो सिफारिश की थे उसमें प्रत्येक रिफ्यूजी परिवार को तीस लाख की राहत राशि मुहैया करवाई जानी थी। लेकिन केंद्र सरकार ने केवल साढ़े पांच लाख की राशि को मंजूरी दी। सरकार ने रिफ्यूजियों के साथ अन्याय किया है। कांग्रेस मांग करती है कि बिना देरी किए प्रत्येक रिफ्यूजी परिवार के हक में तीस लाख की वित्तीय सहायता राशि मंजूर की जाए। इसके अलावा प्रदेश सरकार योजना को बंद करने के संबंध में जारी नोटिस वापस ले। इस अवसर पर सचिव पवन रैना, प्रवक्ता साहिल शर्मा और अमृत बाली आदि मौजूद रहे।