जम्मू। जम्मू कश्मीर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीए मीर के नेतृत्व में शनिवार को पार्टी नेताओं ने रूपनगर में जेडीए द्वारा हाल ही में गिराए गए आवासों और शेडों से प्रभावित जनजातीय परिवारों से मुलाकात की। इस मौके पर नेताओं ने कहा कि इन परिवारों के खिलाफ जेडीए ने तानाशाही रवैया अपनाया है। प्रभावशाली लोग खुलेआम सरकारी जमीनों पर कब्जे कर रहे हैं।
मीर ने कहा कि सरकार मनमानी नीतियां अपनाकर गरीब जनता को परेशान कर रही है। इस तरह की कार्रवाई उच्च और प्रभावशाली लोगों से शुरू होनी चाहिए। कड़ाके की ठंड और कोविड चुनौतियों के बीच इन परिवारों के आशियाने छीने गए हैं। कांग्रेस हमेशा जाति से ऊपर उठकर गरीबों और दलितों के अधिकारों का समर्थन करती रही है। कार्यवाहक अध्यक्ष रमण भल्ला ने कहा कि भाजपा सरकार गरीबों और दलित लोगों को निशाना बना रही है। इस दौरान मुख्य प्रवक्ता रवींद्र शर्मा, योगेश साहनी, मसूद चौधरी, उदय चिब आदि मौजूद रहे।