क्राइम ब्रांच की ओर से विशेष रूप से तैयार वाहन को आईजी जम्मू ने दिखाई हरी झंडी
कांस्टेबल जीवन के रैप से तैयार गाना सुनाकर भी लोगों को नशे के नुकसान बताए जाएंगे
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। युवाओं को नशीली दवाओं के दुरुपयोग और इसकी अवैध तस्करी के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसके लिए क्राइम ब्रांच जम्मू ने विशेष रूप से वाहन तैयार किया है। इस वाहन में पुलिस के आर्केस्ट्रा की धुनों और कांस्टेबल जीवन कुमार के रैप से तैयार गाना सुनाई देगा।
नशा विरोधी दिवस पर वीरवार को इस विशेष जागरूक वाहन को जम्मू जिला पुलिस लाइन में आईजी जम्मू भीमसेन टूटी ने झंडी दिखाकर रवाना किया। ये वाहन जम्मू और आसपास के नशे के हाटस्पाॅट तक जाएगा।
युवाओं और अन्य लोगों को नशीली दवाओं की लत के खतरों, कानूनी कार्रवाई और उपलब्ध पुनर्वास सेवाओं के बारे में शिक्षित करेगा। इस अभियान में युवाओं को अपने साथ जोड़ने के लिए इंटरैक्टिव सत्र, पंफलेंट बांटने और डिजिटल डिस्प्ले का उपयोग किया जाएगा।
आईजी जम्मू ने नशीली दवाओं के खतरे को खत्म करने के लिए कानून प्रवर्तन और नागरिकों के बीच एकजुट प्रयास की आवश्यकता पर जोर दिया। यह अभियान नशीली दवाओं से मुक्त भारत के राष्ट्रीय मिशन के साथ संरेखित है जो मादक द्रव्यों के सेवन को रोकने के लिए स्वस्थ जीवनशैली और खेल और कला जैसी वैकल्पिक गतिविधियों को बढ़ावा देता है। इस मौके पर डीआईजी विनोद कुंडल समेत कई अन्य अफसर मौजूद रहे।