उधमपुर में घटना के बाद मौके पर पुलिस और कारोबारी।
- फोटो : अमर उजाला
उधमपुर शहर के गोल मार्केट क्षेत्र में नाके पर चेकिंग के दौरान पुलिस कर्मी ने एक युवक को थप्पड़ मार दिया। इसके लेकर स्थानीय दुकानदारों और पुलिस के बीच बवाल हो गया। इसके बाद कहासुनी तक बात पहुंची तो अधिकारियों ने समझा बुझा कर मामला शांत किया। मौके से तुरंत नाके को हटा लिया गया। स्थानीय दुकानदारों ने कहा कि शहर के अंदर नाके लगाकर पुलिस आए दिन ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालान काट रही है।
इससे शहर में जाम की समस्या पैदा हो जाती है। आम लोगों के साथ दुकानदारों को भी परेशानी उठानी पड़ती है। उन्होंने बताया कि आज भी शहर के अंदर पुलिस ने नाका लगाकर ट्रैफिक नियमों को तोड़ने वालों के चालान काटे। लेकिन, इसी बीच साथ की दुकान पर काम करने वाला एक युवक जब वहां से बाइक लेकर गुजरा तो पुलिस कर्मियों ने उसे रोका, और किसी बात पर उसे थप्पड़ मार दिया। यह बिल्कुल उचित नहीं था। इसका सभी दुकानदार विरोध करते हैं। अगर युवक ने नियमों का उल्लंघन किया भी था, तब भी पुलिस उसे केवल चालान कर सकती थी। लेकिन, थप्पड़ मारना सही नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि त्योहारी सीजन चल रहा है। शहर में पहले से काफी भीड़ उमड़ रही है। ऐसे में पुलिस का व्यस्त इलाकों में नाके लगाना बिल्कुल सही नहीं है। इससे शहर में गंभीर जाम की समस्या आ रही है। ग्राहकों और दुकानदारों को भी परेशानी हो रही है। पुलिस प्रशासन से अपील है कि ट्रैफिक समस्या को सुधारने के शहर के अंदर नाके लगाने की बजाय चौक चौराहों पर पुलिस कर्मियों की तैनाती करे।