सरपंचों, पंचों और भारतीय सेना के जवानों को निशाना बनाने वाले आतंकी संगठनों का नया टारगेट एलओसी और इंटरनेशनल बार्डर पर स्थित पुलिस चौकियां और स्टेशन हैं। आईएसआई की नई रणनीति में आतंकियों को पुलिस और जेलों को निशाना बनाने का टारगेट दिया गया है।
ड्यूटी पर तैनात रहने वाले पुलिस कर्मियों को भी आतंकी अपना निशाना बनाएंगे। पुलिस की दिन-रात की गतिविधियों का आईएसआई ने बाकायदा पूरा खाका तैयार किया है। राज्यों की जेलें भी आतंकियों के निशाने पर हैं। खुफिया एजेंसियों के पास इसके इनपुट आ रहे हैं। पुंछ की जेल इसमें मुख्य टारगेट है।
इसके अलावा राज्य की उन जेलों का खाका भी आतंकी संगठनों के पास तैयार है, जिनमें आतंकी जेल काट रहे हैं। आतंकी संगठन एलओसी और आईबी पर रहने वाले ओवर ग्राउंड वर्करों की मदद से यह रणनीति बना रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि आईएसआई ने इन ओवर ग्राउंड वर्करों की मदद से इंटरनेशनल बार्डर और लाइन आफ कंट्रोल के पास बनी पुलिस चौकियों की सूची तैयार की है।