भाजपा के कठुआ से उम्मीदवार निर्मल सिंह और उनके समर्थकों पर हमले के आरोप में उमर सरकार में कांग्रेस के मंत्री मनोहर लाल शर्मा को पुलिस ने आज गिरफ्तार कर लिया। वहीं एक दूसरी घटना में एक निर्दलीय प्रत्याशी राजेंद्र सिंह के खिलाफ चुनाव के दौरान हिंसा फैलाने के आरोप तय किए गए हैं।
वरिष्ठ जिला अधिकारी का कहना है कि राज्य जिला प्रशासन नें दो अलग-अलग एफआईआर में मंत्री और निर्दलीय उम्मीदवार के खिलाफ चुनाव के दौरान हिंसा फैलाने और चुनाव के नियमों के उल्लघंन के मामले दर्ज किए हैं।
मनोहर लाल शर्मा पर मामला रनबीर पैनल कोड के तहत बिलावार पुलिस थाने में दर्ज किया गया है। मनोहर लाल शर्मा के साथ-साथ उनके समर्थकों पर भी हमले करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।
शुक्रवार को कुछ कथित लोगों ने निर्मल सिंह की गाड़ी पर हमला किया। उस समय निर्मल सिंह अपनी पत्नी के साथ गाड़ी में थे। अज्ञात हमलावरों ने गाड़ी के शीशे तोड़ डाले।