जम्मू-कश्मीर की कुलगाम पुलिस ने एक महिला एसपीओ (विशेष ऑपरेशन अधिकारी) को आतंकवाद को बढ़ावा देने और पुलिस की कार्रवाई में विघ्न डालने के लिए नौकरी से निकालकर उसे गिरफ्तार कर लिया है। इस महिला एसपीओ की पहचान फ्रीसल की रहने वाली गुलाम नबी राह की बेटी साइमा अखतर के रूप में हुई है।
विज्ञापन
दरअसल 14 अप्रैल को पुलिस को फ्रीसल गांव के केरवा मोहल्ला में आतंकियों के होने की सूचना मिली थी। जिसके बाद वहीं तलाशी अभियान चलाया गया था, पर महिला एसपीओ द्वारा इस ऑपरेशन में तलाशी अभियान चलाने वाली टीम को बाधित किया गया।
जानकारी के अनुसार महिला ने खोज दल को रोकने की कोशिश की और हिंसक हो गई। साथ ही वह आतंकियों के हिंसक कार्यों की प्रशंसा करने लगी। उसने अपने निजी फोन के माध्यम से एक वीडियो बनाया और तलाशी अभियान को बाधित करने के उद्देश्य से इसे सोशल मीडिया प्लेटफार्मों पर डाल दिया।
मामले का संज्ञान लेते हुए, महिला को गिरफ्तार कर लिया गया, जिसके बाद उसे सेवा से भी हटा दिया गया। वहीं घटना के संबंध में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।