कुपवाड़ा जिले के दर्दपुरा क्रालपुरा के दो स्थानीय नागरिकों के अपहरण के आरोप में पुलिस टेरिटोरियल आर्मी के कर्मी को सेना के सहयोग से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को 11 दिसंबर तक पुलिस हिरासत में ले लिया गया है।
जम्मू-कश्मीर पुलिस के नार्थ जोन के डीआईजी गरीब दास ने बताया कि मंजूर को पुलिस ने मंगलवार को टेरिटोरियल आर्मी के हारी त्रेहगाम स्थित सेना के कैंप से हिरासत में लिया। उन्होंने बताया कि इस दौरान सेना द्वारा पुलिस के साथ पूरा सहयोग किया गया।
पुलिस द्वारा बुधवार को आरोपी मंजूर को चीफ ज्युडिशियल मजिस्ट्रेट मंसूर अहमद की अदालत में पेश किया गया। सरकारी वकील ने अदालत से दो दिन का समय मांगा और उसके अनुसार अदालत ने 11 दिसंबर तक के लिए आरोपी को पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
सेना के एक अधिकारी ने ‘अमर उजाला’ को बताया कि सेना इस मामले की जांच में पूरा सहयोग करेगी। उन्होंने बताया कि सेना मानव अधिकारों के उल्लंघन के लिए शून्य सहिष्णुता की अपनी नीति पर खरा उतरती है।
गौरतलब है कि उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के क्रालपुरा दर्दपुरा के रहने वाले गुलाम जिलानी खटाना और मीर हुसैन खटाना के नवंबर 17 से लापता होने के बाद परिवार वालों ने आशंका जताई थी।
मछेल फर्जी मुठभेड़ की तरह उन्हें भी ऐसी घटना में मार गिराया होगा, लेकिन सेना अधिकारी ने इस बात को सिरे से खारिज किया। इस मामले में धारा 364 के अंतर्गत एफआईआर 100/2015 दर्ज की गई है।