सुरक्षाबलों ने आतंकियों की सूचना के बाद गांदरबल जिले में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान आतंकी ठिकाने को ध्वस्त कर बड़ी मात्रा में हथियार और गोला बारूद बरामद किया गया है।
जानकारी के अनुसार गांदरबल पुलिस और सेना की 5 राष्ट्रीय राइफल्स (आरआर) ने एक सूचना पर जिले के गुटलीबाग इलाके के बदरगुंड में संयुक्त तलाशी अभिायान चलाया। इस दौरान जंगल क्षेत्र में एक आतंकी ठिकाना ध्वस्त कर एक इंसास राइफल, चार इंसास मैगजीन, आठ इंसास की गोलियां, 37 एके-47 राउंड व 1 चाईनीज ग्रेनेड के अलावा खाने-पीने का सामान बरामद किया गया है।
एक पुलिस अधिकारी ने पुष्टि करते हुए बताया कि बरामद हुई इंसास राइफल सुरक्षाबलों से छीनी हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गौरतलब है कि सुरक्षाबलों ने इन दिनों आतंकियों के खिलाफ बड़ा अभियान चला रखा है। गत तीन दिन में हुईं मुठभेड़ के दौरान 13 आतंकी मारे गए हैं।