कुपवाड़ा जिले के हंदवाड़ा में मंगलवार को हथियारों का एक बड़ा जखीरा बरामद हुआ है। इस जखीरे के बरामद होने से आतंकियों को बड़ा धक्का लगा है। सेना के अनुसार, आतंकी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में थे।
सेना के प्रवक्ता के अनुसार, मिली सूचना के आधार पर हंदवाड़ा पुलिस और सेना की 6 राष्ट्रीय राइफल्स ने उत्तरी कश्मीर के हंदवाड़ा के वलिगाम के जंगलों में सांझा तलाशी अभियान शुरू किया। इस दौरान आतंकियों के एक ठिकाने से एक एके-56 राइफल, पांच एके-56 मैगजीन, 1446 एके-56 राउंड, 160 पीका राउंड, दो आरपीजी बूस्टर, चार आरपीजी राउंड, तीन आईईडी रिमोट कंट्रोल, 20 यूबीजीएल ग्रेनेड के अलावा अन्य गोला-बारूद बरामद हुआ।
सेना प्रवक्ता के अनुसार, भारी मात्रा में हथियारों के बरामद होने से आतंकी संगठनों को काफी धक्का लगेगा। प्रवक्ता के अनुसार, आतंकी किसी मंसूबे को अंजाम देने की फिराक में थे, जिसे नाकाम बना दिया गया।