ज्यौड़ियां। खौड़ थाने में वीरवार को पुलिस पब्लिक मीट आयोजित हुई। इस दौरान क्षेत्र की पंचायतों के सरपंच, पंच, पार्षद व नगरपालिका अध्यक्ष डिप्टी राम आदि उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने क्षेत्र की समस्याएं बैठक में रखीं। थाना प्रभारी बलविंदर सिंह ने कहा कि आप लोगों के सहयोग के बिना अपराध पर अंकुश लगाना मुश्किल है। इसलिए सभी लोग पुलिस का सहयोग करें। बैठक के दौरान पुलिस से क्षेत्र में जारी अवैध खनन पर रोक लगाने की मांग की गई। अवैध खनन पर रोक लगाने और रेत बजरी लेकर आ रहे लोड कैरियर डंपर तथा ट्रैक्टरों की ओवरलोडिंग से सड़कों पर बजरी आदि बिखर जाती है, जिससे दोपहिया वाहन चालकों का फिसलने का डर बना रहता है। इन पर भी पुलिस से नजर रखने की मांग की गई। पार्षद दीपक सिंह ने क्षेत्र में बढ़ते नशे के धंधे पर रोक लगाने की मांग करते हुए कहा कि क्षेत्र में नशाखोरी प्रति दिन बढ़ रही है। इसकी लपेट में स्कूल-कॉलेज के बच्चे आ रहे हैं। हमें बच्चों के भविष्य पर खतरा मंडराता नजर आ रहा है।
एसएचओ ने कहा कि आपके सहयोग के बिना पुलिस अधूरी है। आपके सहयोग से ही अपराधों पर अंकुश लगाया जा सकता है। अब हर माह पुलिस पब्लिक मीट होगी, जिसमें सामान्य समस्याओं को भी सुना जाएगा। ताकि आप लोगों की समस्याओं को उजागर कर हम लोग प्रशासन के उच्च अधिकारियों तक पहुंचा सकें। इस मौके पर सरपंच पठान सिंह, सवर्ण सिंह, विजय सिंह आदि उपस्थित रहे।