बाढ़ में फंसे पाक अधिकृत कश्मीर के 57 नागरिक शुक्रवार को श्रीनगर मुजफराबाद बस से घर लौट गये। एक बुजुर्ग ने लौटने से इंकार कर दिया था, लेकिन प्रशासन ने उन्हें भी भेज दिया गया। मुजफराबाद के गोरजा के रहने वाले 65 वर्षीय मोहम्मद युसूफ खान ने कहा, मैं अभी लौटना नहीं चाहता था, लेकिन बाढ़ को देखते हुए प्रशासन ने मेरी अर्जी स्वीकार नहीं की।
खान कश्मीर में अपनी बहन से मिलने आया था। घाटी में बाढ़ का तांडव होने के कारण वह भी अपनी बहन के पास बडगाम के ओमपोरा में फंस गया। बाढ़ आने से पहले जवाहर नगर में अपने रिश्तेदारों के पास रह रहे मुश्ताक अहमद बचाव कर्मियों की तारीफें करता नहीं थक रहा था।
उसने कहा, स्थानीय युवाओं द्वारा बचाव कार्य को लेकर जो काम किया गया, वह सराहनीय है। वतन लौटने वाले 57 पीओके नागरिकों में 29 महिलाएं, 24 पुरुष और चार बच्चे शामिल हैं। श्रीनगर से मुजफराबाद के बीच चलने वाली कारवां ए अमन बस बाढ़ के कारण तीन हफ्तों के लिए स्थगित थी।