पीओजेके रिफ्यूजियों को लेकर अलगाववादियों की तरफ से की गई बयानबाजी के विरोध में जम्मू प्रदेश यूनाइटेड फ्रंट ने सोमवार को प्रेस क्लब के बाहर गिलानी का पुतला फूंक कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि बयानबाजी बंद न होने पर कश्मीरी नेताओं का जम्मू आना बंद करे देंगे।
पूर्व विधायक पैंथर्स पार्टी के राज्य प्रधान बलवंत सिंह मनकोटिया के नेतृत्व में दोपहर करीब एक बजे प्रेस क्लब के बाहर जम्मू प्रदेश यूनाइटेड फ्रंट के सदस्यों ने गिलानी का पुतला फूंक कर प्रदर्शन किया। पीडीपी और नेशनल कांफ्रेंस के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान बलवंत सिंह मनकोटिया ने कहा कि पिछले दिनों केंद्र सरकार ने राज्य में रह रहे पीओजेके रिफ्यूजियों को उनके अधिकार देने की बात की तो कश्मीरी अलगाववादी नेताओं और पीडीपी, नेकां के नेताओं ने इसका विरोध करना शुरू कर दिया।
इसकी जितनी भी निंदा की जाए कम है। कश्मीरियों का जम्मू के मामलों में दखल किसी तरह से भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वर्षों से रिफ्यूजी परेशानियों से जूझते हुए जीवन व्यतीत कर रहे हैं। उनको आज तक राज्य में नागरिकता हासिल नहीं हुई है। जम्मू प्रदेश यूनाइटेड फ्रंट की मांग है कि गलत बयानबाजी करने वाले नेताओं को तुरंत गिरफ्तार किया जाए।