पूर्व मंत्री यशपाल कुंडल दौरे के दौरान लोगों के साथ।
विजयपुर। पैंथर्स पार्टी के नेता एवं पूर्व मंत्री यशपाल कुंडल लगातार गांवों में किसानों से संपर्क कर समस्याएं सुन रहे हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को कुंडल ने सीमावर्ती गांव अवताल, शामदु व खोकरे चक का दौरा कर किसानों को पेश आ रही समस्याओं को सुना।
इस दौरान लोगों ने बताया कि जब कभी सीमा पर तनाव बढ़ता है तो उसका नुकसान सीमावर्ती लोगों को उठाना पड़ता है। सरकार के पास इन लोगों के लिए कोई योजना नहीं। वहीं क्षेत्र के लोग खेतीबाड़ी पर निर्भर हैं, लेकिन क्षेत्र की नहरों की सफाई न होने से खेतों में पानी नहीं पहुंचता, जिस कारण धान की फसल नहीं होती। वहीं कई बार बेमौसम बारिश से फसलें खराब होती हैं, और मुआवजे के नाम पर किसानों के साथ मजाक होता आया है। भाजपा ने हमसे जितने वादे किए और सपने दिखाए। हमारी आए दोगुनी करने आए थे, लेकिन बिजली के बिल दोगुने कर दिए।
कुंडल ने कहा कि सिर्फ मोदी के नाम पर वोट मांगने वालों के पास अपना खुद कुछ नहीं है। हमारे युवा आज सड़कों पर हैं, सिर्फ भाजपा की गलत नीतियों के कारण। युवा नौकरी का इंतजार करते रहे, लेकिन उन्होंने एक आदेश निकालकर 2019 के पहली की सारी भर्ती को रद्द कर दिया। कुर्सी के नशे में अंधी सरकार को किसी की चिंता नही हैं।