आरएस पुरा। पूर्व मंत्री चौ. शाम लाल सोमवार को गांव घराना के सीमावर्ती गांव पहुंचे। यहां उन्होंने किसानों को वेटलैंड के मामले का जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया। पूर्व मंत्री ने लोगों को यकीन दिलाया कि उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से मिलकर उनको समस्या के बारे में अवगत कराया जाएगा। गांव के लोगों का जीवन-यापन खेतीबाड़ी पर निर्भर होने पर इस समस्या का समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा।
इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने पूर्व मंत्री को समस्याओं के बारे में अवगत कराते हुए मांग की कि उनके साथ पूरा इंसाफ किया जाए। वो वेटलैंड के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन सरकार पक्षियों को बसाने के लिए ग्रामीणों को नुकसान न पहुंचाए। पूर्व मंत्री ने कहा कि वो किसानों के साथ हैं। उन्होंने ग्रामीणों से पांच सदस्यीय कमेटी बनाने के लिए कहा, ताकि जल्द ही उपराज्यपाल से मिला जाए और उनको इस समस्या के बारे में अवगत कराया जाए। चौधरी ने ग्रामीणों से आग्रह किया कि वह कुछ राजनीतिक लोगों से भी सावधान रहे। वह लोगों को गुमराह करने में लगे हैं, जिनसे हमें सावधान रहने की जरूरत है। क्योंकि यह लोग कभी भी किसानों का भला नहीं होने देंगे और अपनी राजनीतिक रोटियां सेकने के लिए किसी भी स्तर तक नीचे जा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे राजनेताओं को ग्रामीणों की समस्या से कुछ लेना देना नहीं है मात्र उनको अपनी राजनीतिक रोटियां सेकना है। इस अवसर पर बीडीस चेयरमैन तरसेम सिंह, नगर पालिका चेयरमैन सतपाल पप्पी सहित स्थानीय ग्रामीण सुरेंद्र चौधरी, मित्तल चौधरी, अशोक कुमार, नंबरदार बिशन दास, नंबरदार संमा राम सहित कई ग्रामीण भी मौजूद थे।