गांव कोटली शाहदौला में वैठक को संवोधित करते सरपंच वद्रनाथ शर्मा
- फोटो : RSPURA
आरएस पुरा। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक पार्टियों में सरगर्मियां बढ़ने लगी हैं। इसको लेकर पार्टियों की बैठकों का दौर शुरू हो गया है। रविवार को पंचायत कोटली शाहदौला के सरपंच बद्रीनाथ शर्मा ने समर्थकों के साथ बैठक की। इसमें आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर विचार-विमर्श किया।
बैठक में आरएस पुरा के विभिन्न गांवों से पहुंचे सरपंच के समर्थकों ने सरपंच से अपील करते हुए कहा कि वह चुनावों में आरएस पुरा विधानसभा सीट से चुनाव मैदान में उतरें। किसी राजनीतिक पार्टी में जाकर तैयारी करें, ताकि आरएस पुरा विधानसभा क्षेत्र में आने वाला विधायक स्थानीय हो। बैठक में अजय कुमार, पूर्व सरपंच बचन लाल चौधरी, दर्शन कुंडल, रमेश कुमार, तीर्थ सिंह ने कहा कि हमेशा राष्ट्रीय पार्टियों द्वारा क्षेत्र के बाहर के लोगों को टिकट दिया जाता रहा, लेकिन अब ऐसा नहीं होने दिया जाएगा। इस समय महंगाई की मार और बेरोजगारी सहित किसानों की दिक्कतों को देखते हुए उस व्यक्ति को उम्मीदवार बनाया जाए जो लोगों की दिक्कतों का समाधान कर सके।
सरपंच बद्रीनाथ शर्मा ने कहा कि उन्होंने भाजपा से नाता तोड़ लिया है। अब समर्थकों के साथ विचार-विमर्श करने के बाद जल्द कोई राजनीतिक पार्टी में जाने के लिए लोगों से विचार-विमर्श करने के लिए बैठक का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि पहले भी लोगों की सेवा करते आ रहे हैं। अब अगर जनता उन्हें क्षेत्र का विधायक बनने का मौका देती है तो मैं लोगों की सेवा में योगदान दूंगा। जल्द गांव-गांव में बैठकें कर लोगों की राय जानी जाएगी।