अखनूर। श्री राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेडी ने मंगलवार को चिनाब दरिया के जियोपोता घाट में महाराजा गुलाब सिंह और महाराजा रणजीत सिंह के स्मारक पर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर के महान योद्धा राजा गुलाब सिंह के राजतिलक स्थल पर आकर अच्छा लगा। यह ऐतिहासिक स्थल है, जहां पर्यटन विभाग को विकास करके ऐतिहासिक स्थलों की तरह ही विकिसत किया जाए। ताकि देश विदेश से पर्यटक यहां आकर इन योद्धाओं के इतिहास जानकारी लें।
उन्होंने युवाओं से अपील की कि सरकारी नौकरी की तरफ न जाकर अपने उद्योग लगाएं,, जिसमें सरकार भी सहयोग करती है। महाराजा हरि सिंह के जन्मदिन पर 23 सितंबर को सरकारी छुट्टी देने के समर्थन में उन्होंने कहा कि यह छुट्टी जरूर होनी चाहिए। इसके लिए हमें गवर्नर या दिल्ली में क्यों न धरना देना पडे़ । उन्होंने कहा कि हम सभी समुदाय के लोगों को साथ लेकर चलते हैं। जहां भी अन्याय होगा करणी सेना वहां जरूर लडे़गी।
इस मौके पर प्रधान रघुवीर सिंह ने एक ज्ञापन सौंपा और राज्य के दौरे पर आने का धन्यवाद भी किया। इस मौके पर पार्षद कर्ण सिंह, पूर्व सरपंच सुरेंद्र सिंह, पीतांबर सिंह व बड़ी संख्या में करणी सेना के सदस्य मौजूद थे।