फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जम्मू-कश्मीर: पंजा दिखाकर पीएम मोदी ने कांग्रेस पर साधा निशाना, कर्जमाफी पर कही बड़ी बात

Sun, 03 Feb 2019 06:38 PM IST
यशवीर सिंह न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जम्मू

सार

  • विजयपुर महारैली में कांग्रेस के ऋण माफी वादे पर बोला हमला
  • बोले- चुनावों से ठीक पहले ऋण का ‘बुखार’ हो जाता है
  • 2008-09 में छह लाख करोड़ कर्ज माफ करने का किया था वादा
  • सत्ता में आने के बाद मात्र 52 हजार करोड़ रुपये ही दिए
विज्ञापन
जम्मू में रैली को संबोधित करते पीएम मोदी - फोटो : संजय गुप्ता
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मिशन 2019 के अभियान की शुरुआत करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कांग्रेस पर जमकर बरसे। विजयपुर में रविवार को महारैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कांग्रेस के कृषि ऋण माफी के वादे पर हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी केवल चुनाव जीतने के लिए इस तरह के वादों का उपयोग करती है।
विज्ञापन


मोदी ने दावा किया कि कांग्रेस ने 2008-09 में किसानों के 6 लाख करोड़ रुपये के कर्ज माफ  करने का वादा किया था, लेकिन सत्ता में आने के बाद उसने सिर्फ  52,000 हजार करोड़ की राहत दी। कैग की रिपोर्ट में पाया गया है कि कर्ज माफी पाने वाले लगभग 25-30 लाख लोग इसके लिए पात्र भी नहीं थे। मध्यप्रदेश में कांग्रेस द्वारा दिए गए ऋण माफी पर कहा कि कुछ लाभार्थियों को केवल 13 रुपये के चेक दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि उनके प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण पीएम किसान योजना के तहत, किसानों को सालाना 75,000 करोड़ रुपये आवंटित किए जाएंगे। इसका मतलब है कि अगले 10 वर्षों में किसानों के खातों में 7.50 लाख करोड़ रुपये जमा किए जाएंगे। इस योजना का लक्ष्य उन 90 प्रतिशत किसानों को शामिल करना है जिनके पास पांच एकड़ से कम जमीन है। 2000 रुपये की तीन बराबर किस्तों में 6000 रुपये सालाना उनके खातों में ट्रांसफर किए जाएंगे।
विज्ञापन


देश ‘नामदार’ के ट्रैक रिकार्ड को जानता है
प्रधानमंत्री ने कांग्रेस का नाम लिए बिना यूपीए के 10 साल के शासन पर टिप्पणी करते हुए कहा कि लोग देश के ‘नामदार’ के ट्रैक रिकॉर्ड को जानते हैं। उन्हें चुनावों से ठीक पहले ऋण का ‘बुखार’ हो जाता है। वे 10 वर्षों में एक बार कृषि ऋण की घोषणा करके किसानों का ‘मसीहा’ बनने प्रयास करते हैं। भाजपा ने उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले 2017 में कर्जमाफी का वादा किया था। सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक लाख रुपये तक के ऋण माफी की घोषणा की।

कश्मीरी पंडितों का दर्द मेरे भीतर भी
कश्मीरी पंडितों का उल्लेख करते हुए प्रधान मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार विस्थापित समुदाय को सम्मान देने के लिए प्रतिबद्ध है। कहा कि जिस दर्द से उन्हें गुजरना पड़ा, उन्हें अपनी मातृभूमि छोड़नी पड़ी, उसका बयां कभी नहीं किया, लेकिन उनका दर्द मेरे भीतर भी है। सरकार उनके सम्मान के प्रति प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री पैकेज के तहत विस्थापित कश्मीरी पंडित युवाओं को जिन तीन हजार पदों पर नियुक्त करने वादा किया गया था उस पर काम शुरू किया जा चुका है।

आतंकवाद से सख्ती से निबटा जा रहा, जम्हूरियत होगी मजबूत
पीएम ने कहा, जब हम गठबंधन सरकार में थे बहुत सी चीजें नहीं हो पा रही थी। बीते दिनों पंचायत चुनाव में जिस तरह लोगों ने हिस्सा लिया उसमें हिंसा की कोई घटना नहीं हुई। 70 प्रतिशत मतदान हुआ। यहां के नागरिक बधाई के पात्र हैं। राज्य में आतंकवाद से सख्ती से निपटा जा रहा है। राज्य की विकास परियोजनाओं में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। लोगों का हित सर्वोपरि है। जम्मू-कश्मीर के संतुलित विकास के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। साथ ही यहां जम्हूरियत को मजबूत क रने में कोई कमी नहीं रखी जाएगी।

नागरिकता बिल की प्रबल वकालत
नागरिकता (संशोधन) विधेयक की प्रबल वकालत करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि उनकी सरकार मां भारती की उन संतानों के साथ खड़ी रहेगी जिन्होंने पाकिस्तान, अफ गानिस्तान और बांग्लादेश में अत्याचार का सामना किया है। कहा कि मां भारती की कई संतानों ने पाकिस्तान, अफ गानिस्तान और बांग्लादेश में अत्याचार का सामना किया है। हम उन लोगों के साथ खड़े रहेंगे जो एक वक्त भारत का हिस्सा थे, लेकिन 1947 में विभाजन की वजह से अलग हो गए थे। विधेयक का विरोध करने के लिए कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जब कांग्रेस सत्ता में थी तो उसने हमारे भाइयों और बहनों की पीड़ा पर ध्यान नहीं दिया था। हम एक प्रतिबद्धता के साथ नागरिकता संशोधन विधेयक लाएं हैं। अगर धर्म के आधार पर उनके साथ भेदभाव हुआ है तो देश उनके साथ खड़ा रहेगा। उन्होंने करतारपुर कॉरिडोर का उल्लेख करते हुए भी कांग्रेस पर निशाना साधा।

बजट में सबके विकास की झलक
उन्होंने कहा कि आंतरिक बजट सबका साथ सबका विकास के तहत विकास को गति देने वाला है। देश के 70 साल के इतिहास में पहली बार किसानों के लिए ऐतिहासिक योजना सरकार लेकर आई है। इसके पहले कल्पना भी नहीं की जा सकती थी। बजट से विपक्ष का चेहरा उतरा हुआ नजर आ रहा है। पाई-पाई का जनता के हित में उपयोग किया जाएगा। बजट में गरीब, किसान, व्यापारी, युवा, बुजुर्ग, आदिवासी हर किसी के विकास का ख्याल रखा गया।

जम्मू डोगरा परंपरा और शौर्य की भूमि
उन्होंने कहा कि जम्मू तो डोगरा परंपरा, शौर्य की भूमि है। यहां के हजारों फौजी परिवारों को बधाई देता हूं क्योंकि देश का डिफेंस बजट तीन लाख करोड़ रुपये को पार कर गया है। इसका देश के जवानों को लाभ मिलेगा। वन रैंक वन पेंशन पर कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि  चार दशकों से यह मुद्दा लटका हुआ था। भाजपा सरकार अब तक इसके लिए 35 हजार करोड़ रुपये आवंटित कर चुकी है। सेना के जवानों की आंखों में धूल झोंकने में भी उन्हेें (कांग्रेस) शर्म नहीं आई। सीमा पार की गोलीबारी का सामना कर रहे परिवारों की सुरक्षा के लिए भी हरसंभव कोशिश की जा रही है। दुश्मन को करारा जवाब देने के साथ ही 14 हजार बंकर बनाए जा रहे हैं, ताकि आप सब सुरक्षित रहें।

नए भारत के लिए सरकार समर्पित
नए भारत के निर्माण के लिए केंद्र सरकार पूरी तरह समर्पित है। कहा कि यह नया भारत पूरी तरह सुरक्षित भी होगा। प्रधानमंत्री ने विकास की सभी योजनाओं के लिए सभी को बधाई देने के साथ भारत माता की जय के साथ अपना संबोधन खत्म किया।
विज्ञापन

नजीर, औरंगजेब व इम्तियाज का लिया नाम
प्रधानमंत्री ने कहा कि शहीद लांस नायक नजीर वानी, औरंगजेब, इम्तियाज जैसे अनेक बहादुर जवानों को आदर पूर्वक श्रद्धासुमन अर्पित करते हैं और उनके परिवार के साथ खड़े हैं।

डोगरी से की भाषण की शुरुआत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने भाषण की शुरुआत डोगरी भाषा में की। उन्होंने वैष्णो देवी व जम्मू की बावे वाली माता को मंच से नमन किया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें