रियासत में चल रहे चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री के अंतिम दौरे को लेकर सुरक्षा कड़ी कर दी गई गई। दिल्ली से पहुंची एसपीजी की टीम ने एमए स्टेडियम को अपने कब्जे में ले लिया है। पीएम रैली की फोर टायर सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अर्द्धसैनिक बल और पुलिस की टीमें भी पहुंच चुकी है।
स्टेडियम के आसपास की इमारतों पर भी शार्प शूटरों को तैनात कर दिया गया है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को टाला जा सके। दिल्ली से पहुंची विशेष सुरक्षा टीमों के साथ स्थानीय पुलिस अधिकारी दिनभर बैठकें करते रहे। बताया जाता है कि स्टेडियम परिसर में ही स्थित जम्मू क्लब व अन्य विभागीय इमारतों के पास आम लोगों को जाने की इजाजत नहीं होगी।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 16 दिसंबर को इसी स्टेडियम में अंतिम चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। इसी स्टेडियम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा चुनाव से पहले विशाल रैली को संबोधित किया था। उस समय प्रशासन की ओर से कई अवरोध लगाए गए थे, लेकिन उसके बावजूद रैली में विशाल भीड़ उमड़ी थी।
तमाम बातों को ध्यान में रखते प्रशासन ने इस बार सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। स्टेडियम के मुख्य द्वार के सामने से गुजरने वाली सड़क को बंद कर दिया जाएगा, ताकि रैली में पहुंचने वाले लोगों को किसी प्रकार की समस्या न हो।
इसके अलावा रैली के दिन आसपास के क्षेत्र में पार्किंग के विशेष इंतजाम किए गए हैं। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता और प्रदेश चुनाव मीडिया इंचार्ज अरुण कुमार के अनुसार इस बार पिछली बार से ज्यादा लोगोें के पहुंचने की संभावनाओं को देखते हुए बैठने की क्षमता को बढ़ाया जा रहा है।
देर रात चला स्टेडियम के गेट पर काम
जम्मू। एमए स्टेडियम के मुख्य गेट पर लंबे समय से सीवरेज के चल रहे काम के कारण वहां बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं। लेकिन प्रधानमंत्री की रैली को ध्यान में रखते हुए देर रात यहां काम चलता रहा। इन गड्ढों में बाकायदा मिट्टी भरकर उसे सड़क की शक्ल दी गई।