जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव में पहले दो चरणों के प्रत्याशियों के पक्ष में चुनाव प्रचार कर चुके प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीसरे चरण के चुनाव के लिए सात दिसंबर को जम्मू कश्मीर आएंगे। मोदी के प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत कश्मीर में करीब दो विधानसभा क्षेत्रों पर रैलियां हो सकती है।
पार्टी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार दो बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चुनाव प्रचार में पहुंचने से रियासत में भाजपा के समर्थन में हो रही बढ़ोतरी और रैलियों में भारी संख्या में लोगों के पहुंचने को देखते हुए तीसरे चरण में भी मोदी के दौरे की तैयारी शुरू कर दी गई है।
तीसरे चरण में कश्मीर घाटी की 16 विधानसभा क्षेत्रों जिसमें उड़ी, राफियाबाद, सोपोर, संग्रामा, बारामूला, गुलमर्ग, पट्टन, चाडूरा, बडगाम, बीरवाह, खान साहिब, चरार ए शरीफ, त्राल, पांपोर, पुलवामा और राजपोरा विधानसभा सीटों पर मतदान नौ दिसंबर को होना है।
ऐसे में पार्टी ने सोची समझी रणनीति के तहत सात दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे को प्रस्तावित किया है। पार्टी प्रवक्ता एवं भाजपा के स्टेट मीडिया वार रूम के प्रभारी अरुण गुप्ता के अनुसार तीसरे चरण में भी प्रधानमंत्री मोदी पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में चुनाव प्रचार करने पहुंचेंगे। बहरहाल उनका कहना है कि मोदी के दौरे की ठीक ठीक तारीख अभी निर्धारित नहीं है।
नितिन गडकरी आज रियासत में
केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में चुनाव प्रचार के लिए रविवार को रियासत में पहुंचेंगे। गडकरी के दूसरे चरण के चुनाव में आने वाली कई विधानसभा क्षेत्रों में पार्र्टी प्रत्याशियों के समर्थन में रैलियों को संबोधित करने का कार्यक्रम भी है। वह पार्टी नेताओं के साथ बैठक कर चुनाव तैयारियों का जायजा भी लेंगे।