कश्मीर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहली जनसभा को एतिहासिक बनाने में भाजपा कोई कसर नहीं छोड़ रही है। जनसभा स्थल शेर ए कश्मीर स्टेडियम को पूरी तरह से सील कर दिया गया है। स्टेडियम सुरक्षा बलों के अभेद्य घेरे में है। सुरक्षा प्रबंधों की लगातार समीक्षा की जा रही है।
सुरक्षा को अचूक बनाने के लिए अत्याधुनिक तकनीक का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। स्टेडियम को एसपीजी के हवाले कर दिया गया है। आसपास के इलाकों में केंद्रीय सुरक्षा बल और पुलिस के जवान सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
बीते शुक्रवार कश्मीर के अलग अलग इलाकों में चार आतंकी हमले होने के बावजूद भाजपा मोदी की रैली में भारी भीड़ जुटाने को कोई कसर नहीं छोड़ रही। पुलिस महानिदेशक के राजेंद्रा कुमार ने प्रधानमंत्री की जनसभा के लिए उचित और पर्याप्त सुरक्षा प्रबंध किए जाने की बात कही।
उन्होंने बताया कि सभी सुरक्षा एजेंसियां अतिरिक्त सतर्कता बरत रहीं हैं और आपस में लगातार समन्वय बनाए हुए हैं। राष्ट्रद्रोही और आतंकी मंसूबों को नाकाम कर दिया जाएगा।