महिलाएं हो रहीं सश्क्त
पीएम ने कहा, जम्मू-कश्मीर में हो रहे विकास कार्यों का बहुत ज्यादा लाभ कश्मीर की बेटियों को मिल रहा है। सरकार, सेल्फ हेल्प ग्रुप्स से जुड़ी बहनों को टूरिज्म, आईटी और दूसरी स्किल्स की ट्रेनिंग देने का अभियान चला रही है। दो दिन पहले ही देश में ‘कृषि सखी’ कार्यक्रम की शुरुआत की गई है। आज जम्मू-कश्मीर में भी 1200 से ज्यादा बहनें, ‘कृषि सखी’ के रूप में काम कर रही हैं। नमो ड्रोन दीदी योजना के तहत भी जम्मू-कश्मीर की बेटियों को ट्रेनिंग दी जा रही है। वो पॉयलट बन रही हैं।
सभी को मिल रहे अवसर और अधिकार
प्रधानमंत्री ने कहा, पाकिस्तान से आए शरणार्थी, वाल्मीकि समुदाय को पहली बार स्थानीय निकाय चुनाव में वोट डालने का अधिकार मिला, वाल्मीकि समुदाय को एससी का दर्जा दिलाया। पहली बार एसटी के लिए विधानसभा चुनाव में सीटें रिजर्व की गईं। पंडारी, पहाड़ी समूह,गड्डा ब्राह्मण व कोली समुदाय को एसटी का दर्जा दिया। पंचायत, नगरपालिका और नगर निगम में पहली बार ओबीसी रिजर्वेशन लागू हुआ।
पूर्व पीएम अटल को किया याद
पीएम ने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए कहा, अटल जी ने जो इंसानियत, जम्हूरियत और कश्मीरियत का विजन दिया था, उसे आज हम हकीकत में बदलते देख रहे हैं। इस चुनाव में आपने जम्हूरियत को जिताया है। आपने पिछले 35-40 साल का रिकॉर्ड तोड़ा है। ये दिखाता है कि यहां का नौजवान, जम्हूरियत को लेकर कितने भरोसे से भरा हुआ है। मेरा मन करता था कि मैं कश्मीर की वादियों में जाकर फिर से एक बार मेरे कश्मीर के भाई-बहनों को रूबरू जाकर धन्यवाद करूं।
उन्होंने इस चुनाव में जो बढ़-चढ़कर के हिस्सा लिया है। मुझे और खुशी होती अगर हमारा विपक्ष भी, कश्मीर में इतने उमंग उत्साह के साथ जो लोकतंत्र का उत्सव मनाया गया, इतनी भारी मात्रा में मतदान हुआ, ये जो उमंग उत्साह का माहौल है, काश अच्छा होता मेरे देश के विपक्ष के लोगों ने भी मेरे कश्मीर के भाई-बहनों की तारीफ की होती, उनका हौसला बुलंद किया होता तो मुझे बहुत खुशी होती। लेकिन विपक्ष ने ऐसे अच्छे काम में भी देश को निराश ही किया है।