बाबा बर्फानी अपने भक्तों पर अपार कृपा रखते हैं। विकट परिस्थितियों में भी शिवभक्त भोलेनाथ के पास पहुंचते रहे हैं। दुनिया की कोई भी ताकत बाबा को उनके दरबार में पहुंचने से रोक नहीं सकती है। कश्मीर में चाहे जैसे भी हालात रहें बाबा के दर्शन करके ही लौटेंगे।
बुधवार को टूरिस्ट रिसेप्शन सेंटर स्थित जेएंडके बैंक की शाखा में अमरनाथ यात्रा के लिए पंजीकरण करवाने पहुंचे यात्रियों में जोश और उत्साह था। 1996 से लगातार बाबा के दरबार में हाजिरी दे रहे बाडी ब्राह्मणा निवासी गिरधारी लाल ने कहा कि हर बार शरारती तत्व यात्रा में बाधा डालने की कोशिशें करते हैं।
लेकिन बाबा बर्फानी हमेशा अपने भक्तों की लाज रखते रहे हैं। पिछले सोलह साल से अमरनाथ यात्रा के लिए जा रहे रवि कुमार ने कहा कि इस बार भी बाबा के दरबार में नतमस्तक होने का सौभाग्य प्राप्त करेंगे। उनके मात्र दर्शन से ही सारे कष्ट दूर हो जाते हैं।