पौनी। जिला विकास परिषद के सदस्य केवल कृष्ण ने कहा कि देश भर से भोले बाबा के धाम शिवखोड़ी में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। अब शिवभक्त बिना किसी के डर के यहां दर्शन करने के लिए आ सकते हैं।
उन्होंने बताया कि सीआरपीएफ व पुलिस के जवान पूरे यात्रा मार्ग पर तैनात हैं। इसके साथ ही पौनी रनसु मार्ग पर भी सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। नवरात्र में भोले बाबा के दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ जाती है। केवल कृष्ण ने बताया कि बीते वर्ष नौ जून को श्रद्धालुओं की बस पर हमले के बाद शाम के समय वाहनों पर आवाजाही पर स्थानीय प्रशासन ने रोक लगा दी थी। अब माहौल सामान्य है, हम मांग करते हैं कि जिला प्रशासन यात्रा का समय और बढ़ाए। क्योंकि हर जगह प्रशासन की तरफ से सुरक्षा व्यवस्था चौकस की गई है। श्रद्धालु बेखौफ होकर शिवखोड़ी पहुंच सकते हैं। संवाद