सांझी छत और भवन मार्ग के बीच पत्थर गिरने से शनिवार की सुबह एक वृद्ध श्रद्धालु की मौके पर ही मौत हो गई। दोपहर को कटड़ा चिकित्सा केंद्र में पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार वालों को सौंप दिया। जानकारी के अनुसार संपत कुमार निवासी वनस्थली पुरम हैदराबाद अपने परिवार के साथ हेलीकाप्टर के जरिए वैष्णो माता का दर्शन करने कटड़ा आया।
सांझी छत पहुंचने के बाद वहां से वह पैदल ही भवन की ओर जा रहा था। करीब नौ बजे सांझी छत-भवन के बीच यात्रा के दौरान ही पहाड़ी से पत्थर गिरा, जिससे सिर पर गंभीर चोट आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गौर रहे कि भवन मार्ग पर अकसर पत्थर गिरने की घटनाएं होती रहती हैं। इसी के मद्देनजर अर्द्धकुंवारी-भवन के बीच मौजूदा समय में मरम्मत का काम जारी है।