अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। अगर आपका सीयूईटी-पीजी स्कोर 20 है तो भी जम्मू विश्वविद्यालय में पीजी की खाली सीटों पर प्रवेश मिल सकेगा। पहले इन पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए सीयूईटी यानी कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट का स्कोर 40 होना आवश्यक था। जम्मू विश्वविद्यालय के मुख्य कैंपस के साथ ही इससे संबद्ध कॉलेजों के एलएलबी, एलएलएम, एमबीए, एमटेक, एमएड जैसे विभिन्न पीजी डिग्री/डिप्लोमा कोर्स में प्रवेश के लिए प्रक्रिया चल रही है। आखिरी राउंड की काउंसलिंग 23 जून से है।
इसके लिए सभी खाली सीटों की मैट्रिक्स कॉलेजों के सूचना बोर्ड पर चस्पा की जाएगी। इस काउंसिलिंग में केवल वही छात्र-छात्राएं हिस्सा ले सकेंगे, जिन्हें पिछले राउंड में किसी भी कार्यक्रम में प्रवेश नहीं मिला। इसके लिए उन्हें 700 रुपये की नॉन-रिफंडेबल फीस चुकानी होगी। जो आवेदक पहले से ही रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं, वे सेल्फ फाइनेंस सीटों का विकल्प चुन सकते हैं। उनके पास अपने ऑनलाइन आवेदन पत्र को एडिट करने का भी मौका रहेगा। उनकी ओर से प्रवेश के प्रारंभिक चरण में भरी गईं सभी प्राथमिकताएं शून्य मानी जाएंगी। उन्हें नए सिरे से अपनी पसंद के अनुसार नई प्राथमिकताएं भरनी होंगी।
कल से भरे जाएंगे ऑनलाइन फॉर्म
पीजी पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन 24 जून से 27 जून तक भरे जाएंगे। इसके बाद 24 से 28 जून तक आवेदनों को ऑनलाइन मंजूरी दी जाएगी। एमबीए में प्रवेश के लिए 28 और 29 जून को ग्रुप डिस्कशन और पर्सनल इंटरव्यू होगा। सभी विभागों के डैशबोर्ड पर 30 जून को मेरिट लिस्ट प्रकाशित कर दी जाएगी। दस्तावेजों का ऑफलाइन भौतिक सत्यापन एक जुलाई को होगा। इसके बाद खाली रह गई सीटों के लिए काउंसिलिंग दो जुलाई को होगी। तीन जुलाई को सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक दस्तावेजों का भौतिक सत्यापन होगा। इसके लिए आवेदक को संबंधित विभाग में मूल दस्तावेज के साथ उपस्थित होना होगा।
प्रवेश की अंतिम तिथि चार जुलाई
पीजी पाठ्यक्रमों में प्रवेश की अंतिम तिथि चार जुलाई निर्धारित की गई है। फीस का भुगतान इस तिथि को रात 12 बजे तक किया जा सकेगा। आवेदकों को फीस का भुगतान केवल एनईएफटी/यूपीआई/नेट बैंकिंग आदि के जरिए करना होगा। पाठ्यक्रमों के संबंध में अधिक जानकारी जम्मू विश्वविद्यालय के पीजी प्रवेश पोर्टल https://jammuuniversity.ac.in/PG/2025-26 पर जाकर ली जा सकती है।