पेट्रोल पंप पर अफवाह फैलने के बाद लगी भीड़।
जम्मू। लंबी कतारें और पेट्रोल डलवाने के लिए मारामारी। यह नजारा शहर के पेट्रोल पंपों पर रविवार देर शाम तक देखने को मिला। पेट्रोल पंपों के सोमवार बंद रहने की अफवाह के बाद पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल डलवाने वालों की भीड़ उमड़ गई। पेट्रोल पंपों के बाहर तक वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिली। इससे अफरा तफरी का माहौल रहा। वेयर हाउस के पेट्रोल पंप बसों की लंबी कतारें लग गईं। उधर, एसएसपी जम्मू का कहना है कि वह इस जांच में हैं कि किस पेट्रोल पंप से सोमवार को पेट्रोल पंप बंद रहने की अफवाह फैलाई गई है। पहचान होने पर पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।
जानकारी के अनुसार रविवार शाम लगभग 4 बजे किसी ने अफवाह फैला दी कि सोमवार को पेट्रोल पंप बंद रहेंगे। यह अफवाह हर जगह आग की तरह फैली। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक के गांव में स्थित पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लग गईं। हर कोई इस लालसा में दिखा कि सोमवार को उसे तेल नहीं मिलेगा। लोगों में तेल डलवाने के लिए मारामारी रही। दूसरी तरफ शहर में कई जगहों पर चर्चाओं का बाजार रहा। हर कोई एक दूसरे से कहता हुआ देखा गया कि फलाने इलाके में तारें लगाकर बंद कर दिया गया है। लोग फोन पर अपने सगे संबंधियों और पुलिस से देर शाम तक इस तरह की जानकारी लेते हुए नजर आए। हालांकि देर शाम को प्रशासन ने साफ कर दिया कि पूरे जिले में कहीं भी कोई पेट्रोल पंप बंद नहीं रहेगा। यह अफवाह जम्मू के अलावा अन्य जिलों में भी फैल गई थी। जिसने प्रशासन को काफी परेशान भी किया। प्रशासन को एकदम से प्रेस कांफ्रेंस करके इस पर सफाई देनी पड़ी।
जल्द बहाल होगी इंटरनेट सेवा
जम्मू की जिला उपायुक्त सुषमा चौहान का कहना है कि जम्मू में बहुत जल्द इंटरनेट सेवा को बहाल कर दिया जाएगा। कुछ तकनीकी समस्याओं की वजह से इंटरनेट सेवा को बंद किया गया है। यह सेवा बहुत जल्द बहाल होगी। इसे बंद करने के पीछे कोई वजह नहीं है। पूरे जिले में सबकुछ सामान्य है।