प्रदेश में दाखिल होने के लिए कई लोग चोर रास्तों या खड्डों का सहारा ले रहे हैं। पुलिस भी इन लोगों पर नजर रखने के लिए हाईवे सहित शहर और आसपास के इलाकों में लगाए नाकों पर पूरी तरह सक्रिय है। वीरवार शाम शहर में जिला सचिवालय के पास ऐसे ही एक सवारी वाहन को पुलिस ने ट्रैक करते हुए लखनपुर पहुंचाया। वाहन में कई लोग सवार थे। चोरी से दाखिल होकर अपने घरों तक पहुंचने की कोशिश कर रहे ये लोग दूसरों की जान भी आफत में डालने की कोशिश में हैं।
कठुआ पुलिस ने रावी दरिया सहित अन्य रूट से चोरी से प्रदेश में दाखिल होने की कोशिश कर रहे कई लोगों को पकड़कर लखनपुर स्क्रीनिंग केंद्र पहुंचाया। जहां से जांच के बाद इन्हें क्वारंटीन सेंटरों में शिफ्ट कर दिया है।
पुलिस के पहरे में बांटा सरकारी राशन, सोशल डिस्टेंसिंग का रखा ख्याल
सरकारी ने एक ओर जहां सरकारी राशन की होम डिलीवरी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। वहीं लॉकडाउन के बीच लोगों को राशन उपलब्ध करवाने में डिपो संचालकों को भी दिक्कत आने लगी है। शुक्रवार को कठुआ शहर में इसी समस्या से निपटने के लिए पुलिस निगरानी में और सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रखते हुए राशन बांटा गया। वार्ड-8 के राशन डिपो में पहुंचे लोगों के लिए पहले निशानदेही कर उचित दूरी तय की गई। इसके बाद लंबी कतारों में खड़े लोगों ने सरकारी राशन हासिल किया।
लोगों ने मांग की कि लॉकडाउन के बीच जिले के तमाम हिस्सों में सरकारी राशन की होम डिलीवरी की जाए। प्रशासन ने क्वारंटीन केंद्रों में रखे लोगों के लिए लांड्री सेवा वाहन को भी वीरवार शाम रवाना किया। 14 दिन की अवधि क्वारंटीन केंद्रों में काटने वाले लोगों कहे लिए टीवी से लेकर मनोरंजन के अन्य साधन भी तैयार किए जा रहे हैं। तनाव को कम करने के लिए उन्हें योग भी सिखाया जा रहा है।
नगरोटा पंचायत के सरपंच बिक्की शर्मा ने अपने एक साल के मानदेय को प्रधानमंत्री राहत कोष में दिया है। शर्मा ने बताया कि उन्होंने 21 हजार रुपये की राशि कोरोना से निपटने के लिए दी है। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से कोरोना से निपटने के लिए बेहतरीन इंतजाम सुनिश्चित किए गए हैं। हर देशवासी को इसमें सहयोग की जरूरत है। सरपंच ने लोगों से अपील की कि अपने आसपास गरीब परिवारों का भी ध्यान रखा जाए, ताकि इस आपदा कि स्थिति में कोई भी भुखमरी या लापरवाही से न मरे।