बिजली संकट से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। जम्मू-पठानकोट नेशनल हाईवे पर आकर छन्न अरोड़ियां के ग्रामीणों ने बिजली विभाग का पुतला जलाया।
साथ ही चेतावनी जारी करते हुए कहा कि यदि बिजली की समस्या को दूर करने के लिए जल्द कोई उचित कार्रवाई नहीं की गई तो उन्हें आंदोलन पर उतारू होना पड़ेगा।
ऐसे में यदि कायदा कानून की समस्या उत्पन्न होती है तो जिम्मेदारी विभाग की होगी। प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व करते हुए नायब सरपंच केआर रैणा ने कहा कि छन्न अरोड़ियां में पंद्रह से अठारह घंटे कटौती की जा रही है।
सर्दी के मौसम में लोग पहले से ही दुश्वारियां झेल रही हैं। ऐसे में बिजली विभाग अपनी कार्यप्रणाली से लोगों की मुसीबतें बढ़ाने से बाज नहीं आ रहा।
प्रदर्शनकारियों में शामिल भोला शर्मा, तरसेम गुप्ता, कालीदास, रवि गुप्ता, आकाश शर्मा, भारत भूषण, विजय गुप्ता, लखनपाल, बिशंबर दास ने कहा कि बिजली संकट की वजह से पीने के पानी की सप्लाई भी बाधित हो रही है। ग्रामीणों का जीवन नारकीय हो गया है।
बिजली विभाग से इस बाबत कई दफा गुहार लगाई गई लेकिन ओवरलोड का तर्क देकर विभागीय अमला अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लेता है।
उन्होंने कहा कि इलाके में बिजली के तार और खंभों की स्थिति दयनीय है। मौसम की हल्की करवट से बिजली गुल हो जाती है जिसके लौटने का कोई पता नहीं होता।
बिजली विभाग को हर हाल में अपनी सेवा में सुधार करना होगा अन्यथा लोगों के कोप का भाजन बनने के लिए तैयार रहे।