बरजाला के टूटे पुल की मरम्मत को पिछले सात महीने से इंतजार कर रहे करीब 50 हजार लोगों के सब्र का बांध सोमवार को टूट गया। गुस्साए लोगों ने सतवारी चौक को बंद कर दिया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बाद में जिला प्रशासन की ओर से पुल को जल्द बनाने का आश्वासन देने पर प्रदर्शनकारी लोग चौक से हट गए।
हालांकि प्रशासन को चेतावनी दे दी गई कि यदि दो-चार दिन में पुल का काम नहीं शुरू हुआ तो फिर से बंद होगा और अगली बार जम्मू के मुख्य बिक्रम चौक को बंद कर दिया जाएगा। मौके पर पहुंचे फलाएं मंडाल के अधिकारियों को भी लोगों के गुस्से का शिकार होना पड़ा। लोगों ने मंत्रियों और मोदी सरकार के खिलाफ भी नारेबाजी करते हुए खरी-खरी सुनाई।
प्रदर्शन की वजह से शहर में दिनभर जाम लगा रहा। देर शाम तक शहर में यातायात व्यवस्था पटरी से उतरी रही। प्रदर्शन के दौरान लगे जाम के चलते आरएस पुरा जाने वाली बसों को घंटों इंतजार करना पड़ा। एयरपोर्ट जाने वाले भी खासे परेशान हुए।