गौ हत्या के आरोप पर बनतालाब में मचा बवाल तूल पकड़ने लगा है। रविवार को बनतालाब और उसके आसपास इलाकों में जगह-जगह प्रदर्शन हुए। लोगों ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए सरकार और प्रशासन के पुतले फूंके।
यही नहीं, गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि अगर दोषियों को जल्द सजा नहीं दी गई तो लोग उग्र प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे। उधर, पुलिस तीन आरोपियों को पकड़ कर मामले में पूछताछ कर रही है और मौके पर लिए सैंपल को जांच के लिए लैबोरेटरी भेजा गया है।
बनतालाब स्थित डेयरी में पशु हत्या के विरोध में रायपुर मोड़ पर बाबा कैलख देव मंदिर के महंत रोहित शास्त्री के नेतृत्व में लोगों ने प्रदर्शन किया। पुतला जलाकर प्रशासन से दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
रोहित शास्त्री ने कहा कि एक समुदाय के लोग आए दिन अपने निजी स्वार्थ के लिए पशु हत्या जैसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। यह कभी बर्दाश्त नहीं करेंगे। इसी तरह से कोट भलवाल रोड, करवांदा इलाके के लोगों ने पशु हत्या के विरोध में सड़क पर प्रदर्शन किया और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
घटनास्थल बनतालाब में रविवार को भी दुकानदारों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने शनिवार को प्रदर्शन कर रहे लोगों को पुलिस की ओर से गिरफ्तार किए जाने का कड़ा विरोध किया गया। पकड़े गए आधा दर्जन लोगों की रिहाई करवाने के बाद ही प्रदर्शनकारी शांत हुए लेकिन पशु हत्या के विरोध में उन्होंने अपने धरने प्रदर्शन जारी रखने का ऐलान किया है।
क्या है मामला
शनिवार शाम को बनतालाब स्थित डेयरी में एक महिला ने कुछ लोगोें को पशु हत्या कर डेयरी से ले जाते देखा था। खबर फैलते ही इलाके में बवाल मच गया। बड़ी संख्या में लोग इकट्ठे हो गए थे, तभी से लोगों में गुस्सा भरा हुआ है।