जम्मू-कश्मीर में पहले पांच अगस्त 2019 के बाद के हालात और उसके बाद कोविड-19 के कारण पर्यटन उद्योग की कमर टूट गई है। ऐसे में कोविड प्रतिबंधों में राहत मिलने के बाद पर्यटन उद्योग से जुड़े लोग इसे अवसर के रूप में देख रहे हैं।
सर्दियों का शुरुआती मौसम विशेष रूप से पश्चिम बंगाल के लोगों के पर्यटन का होता है। इस अवसर को भुनाने के लिए प्रदेश सरकार ने पश्चिम बंगाल का चयन किया है और अपने वरिष्ठ अधिकारियों और कुछ टूर ऑपरेटरों के एक समूह को कोलकाता भेजा है।
यह दल वहां के ऑपरेटरों और संबद्ध एजेंसियों से बात कर डल झील, माउंटेन बाइकिंग से जुड़ी गतिविधियों की चर्चा कर युवाओं को आकर्षित करने का प्रयास करेगा। टूर ऑपरेटरों को बताया जा रहा है कि अगले हफ्ते पहलगाम में एक गोल्फ प्रतियोगिता और अक्तूबर के अंत में पांपोर में एक केशर महोत्सव का भी आयोजन किया जाएगा।
राज्य में अर्थव्यवस्था की स्थिति को पटरी पर लाने के लिए जो प्रयास किए जा रहे हैं उसमें पर्यटन का पुनरोद्धार की बड़ी योजना भी शामिल है। इस संबंध में शुक्रवार को जारी एक बयान में बताया गया कि कश्मीर के अधिकारियों की एक टीम इन दिनों पर्यटन प्रोत्साहन गतिविधियों के लिए कोलकाता में है।