जम्मू और कश्मीर में बॉर्डर पर पाकिस्तान की नापाक हरकत जारी है। पाकिस्तान ने पुंछ के मनकोट सेक्टर में आज संघर्ष विराम का उल्लंघन किया। भारतीय सेना ने भी करारा जवाब दिया है।
पाक ने पुंछ जिले के मनकोट सेक्टर में 10 अक्टूबर को लगभग 01:30 बजे युद्ध विराम का उल्लंघन किया, पाकिस्तानी सेना ने सीमापार से छोटे हथियारों से गोलीबारी की और युद्धविराम का उल्लंघन किया। भारतीय सेना ने भी जवाबी कार्रवाई की।
इससे पहले कुछ दिन की खामोशी के बाद शुक्रवार को पाकिस्तान ने नियंत्रण रेखा पर कुपवाड़ा के नौगाम, पुंछ के कसबा, कीरनी और गुलपुर में सेना की अग्रिम चौकियों तथा रिहायशी इलाकों को निशाना बनाते हुए भारी गोलाबारी की।
इसमें कसबा गांव में घर के बाहर काम कर रही एक महिला घायल हो गई। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सेना ने मुंहतोड़ जवाब दिया।
रक्षा प्रवक्ता के अनुसार, पाकिस्तानी सेना ने शुक्रवार शाम पांच बजे कसबा और कीरनी सेक्टर में सेना की चौकियों के साथ ही रिहायशी इलाकों में गोलाबारी की। यूनिवर्सल मशीनगन के साथ ही मोर्टार बरसाए गए। गोलाबारी में एक महिला घायल हो गई। गोली उनके दाएं हाथ पर आ लगी, जिससे वह घायल होकर करीब दस फुट नीचे जा गिरीं।