रामबन। रामबन में श्मशान घाट को अवैध घोषित करते हुए बंद करने पर तारबंदी करने के विरोध में हिंदू संगठनों का गुस्सा फूट पड़ा। विश्व हिंदू परिषद के नेतृत्व में विभिन्न संगठनों ने तारबंदी को हटाते हुए जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर जोरदार प्रदर्शन कर वन विभाग और जिला प्रशासन के खिलाफ रोष जताया।
जानकारी के अनुसार कुद दिन पूर्व वन विभाग की ओर से रामबन कस्बे निकट बने श्मशानघाट को वन विभाग ने अवैध करार देते हुए तारबंदी कर दी थी। सोमवार को विभिन्न संगठनों ने रामबन बंद का आह्वान करते हुए जिला प्रशासन और विभाग के प्रदर्शन कर रोष जताया।
श्री अमर क्षत्रिय राजपूत सभा रामबन अध्यक्ष कर्ण देव सिंह ने कहा कि कस्बे के शमशान घाट को वन विभाग ने अवैध करार देते हुए तारबंदी की गई है। यह गलत है और इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विहिप रामबन के अध्यक्ष आशीष शर्मा ने जिला प्रशासन से इस संबंध में कदम उठाने की मांग की। वहीं, चेतावनी दी कि ऐसी कार्रवाई को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मौके पर पहुंच डीसी नाजिम खान, एसएसपी रामबन हसीब उर रहमान कड़े विरोध का सामना करना पड़ा। उन्होंने विभाग को जल्द तारबंदी को हटाने का निर्देश देने के आश्वासन दिया। इसके बाद लोग शांत हुए। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने रामबन टी-चौक से श्मशानघाट की ओर कूच किया। इस मौके पर एडीसी हरबंस लाल, एएसपी रजनी शर्मा और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में तारबंदी को हटा दिया गया।