कुलगाम में एक सरकारी टीचर को वहां के सरपंच ने रॉड से पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। गुरुवार को दोपहर के समय कुलगाम जिले के चनापोरा के सरकारी स्कूल के के टीचर को पीडीपी के एक सरपंच मुजफ्फर अहमद ने लोहे की रॉड से हमला कर घायल कर दिया।
इस हमले में सरकारी स्कूल के अध्यापक सरताज अहमद हमजा गंभीर रुप से घायल हो गए। सरताज अहमद हमजा को कुलगाम जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। जहां उनकी हालत गंभीर हो बनी हुई है।
दरअसल यह विवाद स्कूलों में मिलने वाले दोपहर के खाने को बनाने के लेकर हुआ। जब स्कूल के अध्यापक सरताज अहमद हमजा ने स्कूल में कुक का काम करने वाली शकीला को समय पर मिड-डे मील उपलब्ध करवाने को कहा तो इस पर कुक शकीला ने अध्यापक से बहस करना शुरु कर दिया।
इस के बाद दोनों ओर से बहस होते देख स्कूल में उपस्थित साथी अध्यापकों ने मामले को रफा-दफा कर दिया। इसके बाद कुक शकीला ने अपने पति और चनापोरा के पीडीपी के सरपंच से इस मामले को बताया।
इस के बाद सरपंच मुजफ्फर अहमद लोहे की रॉड लेकर स्कूल पहुंच गया और स्कूल में बच्चों को पढ़ा रहे टीचर पर वार करने शुरु कर दिए। इस हमले में अध्यापक सरताज अहमद हमजा गंभीर रुप से घायल हो गए।