डॉक्टरों के सात पद स्वीकृत, केवल दो ही दे रहे सेवाएं
पौनी। पौनी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में डॉक्टरों की भारी कमी से स्थानीय लोगों को इलाज के लिए भटकना पड़ रहा है। पीएचसी में सात डॉक्टरों की स्वीकृत पोस्ट में से केवल दो डॉक्टर कार्यरत हैं, जबकि पांच पद खाली पड़े हैं। हाल ही में एक ऑर्थोपेडिक सर्जन का तबादला होने से मरीजों की समस्याएं और बढ़ गई हैं।
हमने सीएमओ रियासी से डॉक्टरों की तैनाती की अपील की थी। एक डॉक्टर को भेजा, लेकिन उसने ज्वाइन ही नहीं किया। प्रशासन को जवाब देना चाहिए, अन्यथा लोग आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
बाबू राम, स्थानीय निवासी
कई बार नेताओं से डॉक्टरों की नियुक्ति की मांग कर चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। पहले से मौजूद डॉक्टरों का भी ट्रांसफर कर दिया गया, जिससे हालात और बिगड़ गए हैं।
देवेंद्र, स्थानीय दुकानदार
हम पीएचसी को अपग्रेड करवाने की भी मांग कर रहे हैं, लेकिन सबसे पहले डॉक्टरों की कमी पूरी की जाए। महिला विशेषज्ञ और अल्ट्रासाउंड सुविधा उपलब्ध कराई जाए ताकि महिलाओं को इलाज के लिए दूर न जाना पड़े।
सुदेश कुमार स्थानीय दुकानदार
पीएचसी पौनी के लिए एक विशेषज्ञ डॉक्टर का तबादला किया गया था, लेकिन उन्होंने अभी तक ज्वाइन नहीं किया। इस पर कार्रवाई करते हुए बीएमओ पौनी डॉ. रजनीश को उनका वेतन रोकने के आदेश दिए गए हैं। जल्द ही अन्य डॉक्टरों की तैनाती के प्रयास किए जाएंगे।
डॉ. अशरफ कोली, मुख्य चिकित्सा अधिकारी
स्थानीय लोगों की मांगें
-डॉक्टरों की तत्काल नियुक्ति
-महिला रोग विशेषज्ञ की तैनाती
-पीएचसी में अल्ट्रासाउंड सुविधा उपलब्ध कराना
- पीएचसी को अपग्रेड करना