उपमुख्यमंत्री डा. निर्मल सिंह ने सुपर बाजार में पार्किंग की सुविधा जल्द उपलब्ध कराने की बात कही है। उन्होंने कहा कि लोगों की लंबे समय से मांग है कि सुपरबाजार में पार्किंग की सुविधा मुहैया करवाई जाई। उपमुख्यमंत्री ने संबंधित एजेंसी को कार्य जल्द शुरू करने के निर्देश दिए हैं ताकि पार्किंग की सुविधा का लाभ समय पर मिल सके।
उपमुख्यमंत्री ने यह जानकारी मंगलवार को विभागीय उच्चाधिकारियों के साथ हुई बैठक में दी। उन्होंने बताया कि 30 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस पार्किंग में 352 कारें खड़ी करने की सुविधा होगी। इस कार्य को पूरा करने की जिम्मेदारी इरा को सौंपी गई है।
प्रोजेक्ट के लिए एशियन डेवलपमेंट बैंक की ओर से फंडिंग की जाएगी। उन्होंने बताया कि पार्किंग बनने के बाद सड़क किनारे वाले खडे़ होने वाले वाहनों काफी राहत मिलेगी। वे अपने वाहन सड़क किनारे न लगाकर पार्किंग में सुविधाजनक तरीके के साथ लगा सकेंगे।
इससे उनके वाहनों की सुरक्षा भी हो सकेगी। इस मौके पर सूचना एवं सांस्कृतिक राज्यमंत्री प्रिया सेठी, हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट के कमिश्नर सेक्रेटरी बिपुल पाठक, चीफ एग्जीक्यूटिव विनोद शर्मा, डायरेक्टर स्कूल एजूकेशन स्मिता सेठी सहित अन्य सीनियर अधिकारी उपस्थित थे।